दीपावली पर किस मुहूर्त में पूजा करना होगा फलदायी

12 नवंबर को है दीपोत्सव, खास मुहूर्त में करें पूजा

भारत का प्रसिद्ध पर्व दीपावली 12 नवंबर को है। इस बार लक्ष्मी पूजा के लिए 6 मुहूर्त हैं, जो दोपहर 1.15 से रात 2.32 तक रहेंगे। इनमें हर वर्ग के लोग अपने हिसाब से खास मुहूर्त में पूजा कर सकते हैं। इस बार दीपावली पर आठ शुभ योग बन रहे हैं। इनमें पांच राजयोग और अन्य 3 शुभ योग रहेंगे। ऐसा संयोग पिछले 700 साल में नहीं बना। आईये जानते हैं क्या हैं ये शुभ योग और शुभ मुहूर्त।

दीपावली पर शुभ मुहूर्त

पं. गिरिराज के अनुसार, दीपावली पर इस बार सबसे शुभ मुहूर्त शाम 5:40 से शाम 8:16 तक रहेगा। घर में पूजा का मुहूर्त 5:41 से 8:57 रहेगा। वहीं, दुकान व कारखाने में पूजा के लिए दोपहर 1:15 से 2:58 और सायं 5:41 से 8:51 तक शुभ योग बन रहा है। साधकों के लिए रात 12:19 से 2:32 तक पूजा का मुहूर्त है। इनमें पूजा करना फलदायी रहेगा।

11 या 12 नवंबर कब मनाई जाएगी छोटी दिवाली?

दिवाली से ठीक एक दिन पहले छोटी दिवाली का पर्व मनाया जाता है। दिवाली से पहले छोटी दिवाली इसलिए मनाई जाती है क्योंकि, इस दिन हनुमान जयंती भी होती है और इसी दिन भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर नामक असुर का वध किया था। इसलिए इसे नरक चतुर्दशी भी कहते हैं। 11 नवंबर को 1 बजकर 59 मिनट से चतुर्दशी तिथि आरंभ हो रही है और अगले दिन 12 नवंबर को दोपहर के 2 बजकर 45 मिनट तक रहेगी। छोटी दिवाली 11 नवंबर शनिवार 2023 को मनाई जाएगी। नरक चतुर्दशी के दिन यमराज के नाम से दीया जलाया जाता है। इसे दक्षिण दिशा में जलाया जाता है। साथ ही यह दीया पितरों के नाम का भी होता। ध्यान रखें की छोटी दिवाली के दिन अपने घर में कम से कम 5 या 7 दिए जरुर जलाएं जिनमें से एक दक्षिण दिशा में घर से बाहर रख दें।